प्रवेश उत्सव पर विद्यार्थियों का तिलक व फूलों से भव्य स्वागत
प्रवेश उत्सव पर जल व पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी, 1 अप्रैल। शिक्षा व समाज से जुड़ी सामाजिक संस्था सदाचारी शिक्षा समिति एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति द्वारा स्थानीय हनुमान ढाणी स्थित विवेकानंद हाई स्कूल में प्रवेश उत्सव एवं नववर्ष 2026 के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अगली कक्षा में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों तथा नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्प गुच्छ भेंट कर एवं पुष्प वर्षा के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान की स्तुति एवं राष्ट्रगान के साथ हुई, जिससे वातावरण देशभक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत हो गया। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक सावित्री यादव एवं कार्यक्रम के संयोजक, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष विद्यालयों में प्रवेश उत्सव का आयोजन करवाया जाता है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा उनके मन में विद्यालय के प्रति सकारात्मक भाव उत्पन्न करना है।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में आज सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। “हर घर हरियाली थीम 2026” तथा जल संरक्षण साक्षरता अभियान के तहत सभी को जागरूक करते हुए उन्होंने अपील की कि पानी की एक-एक बूंद की कीमत समझें और इसे व्यर्थ न बहने दें।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने सम्मान से अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा कि नए सत्र की शुरुआत इस तरह के स्वागत से करना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। साथ ही उन्होंने संकल्प लिया कि वे पर्यावरण की रक्षा करेंगे और जल संरक्षण के प्रति सजग रहेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर लेखाकार सरला अग्रवाल, प्राचार्या समी यादव , उर्मिला सैनी, कपिल वर्मा , अमन कुमार हालवास, अनीता सैनी, सुमित मलिक, बबीता बरगूजर, कविता रंगा, अनीता सैनी, उषा देवी, वर्षा देवी , मधु मैडम , ईशा , सुनेना देवी, रेखा , प्रिया देवी, उमा देवी, अनीता यादव , शिक्षकगण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति प्रवेश उत्सव में शामिल रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



