टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी का रोमांचक मुकाबला, मऊ ने कैफ एकेडमी शिवान को 3 रनों से हराया

ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण

दुद्धी/ सोनभद्र। टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत बुधवार को खेले गए मुकाबले में मऊ की टीम ने जबरदस्त संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन करते हुए कैफ एकेडमी शिवान को 3 रनों से शिकस्त दी। मैच का निर्णय अंतिम ओवर तक पहुंचा, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 232 रन बनाए। मऊ की ओर से कुलदीप ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 11 छक्कों व 10 चौकों की मदद से शानदार 112 रन की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा अरुण ने 19 रन और गौरव ने 16 रनों का योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैफ एकेडमी शिवान की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 229 रन बनाए, लेकिन अंत में टीम जीत से चूक गई। कैफ एकेडमी की ओर से कुलदीप ने 112 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अजय ने 21, अभय ने 19 और सौरभ ने 16 रन बनाए।


गेंदबाजी में मऊ की ओर से विवेक ने 4 ओवर में 29 रन देकर 1 विकेट, रिंकू यादव ने 4 ओवर में 33 रन देकर 1 विकेट तथा आकाश ने 4 ओवर में 42 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। वहीं कैफ एकेडमी शिवान की ओर से अखिल यादव व रोहित ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए क्रमशः 3 व 4 विकेट झटके।
मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मऊ के कुलदीप को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले में अंपायर की भूमिका शिवम दुबे एवं राजेश शर्मा ने निभाई, जबकि कमेंट्री रवि श्रीवास्तव ने की।
आयोजक मंडल ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत 8 जनवरी 2026 को अगला मुकाबला मऊ और भभुआ की टीमों के बीच खेला जाएगा।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)