समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी पटना स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में किसी भी प्रकार की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी पर रोक लगा दी गई है। इसमें दौड़, कसरत, ग्राउंड ट्रेनिंग और अन्य शारीरिक अभ्यास शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और इसके उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस फैसले के बाद हजारों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है, जो लंबे समय से गांधी मैदान को अपनी ट्रेनिंग का प्रमुख केंद्र मानते रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार गांधी मैदान केवल एक सामान्य खुला मैदान नहीं है बल्कि यह पटना ही नहीं बल्कि पूरे बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा स्थल है। यहां राष्ट्रीय पर्वों का आयोजन होता है। बड़े सरकारी और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यह शहरवासियों के लिए सुकून और भ्रमण का प्रमुख स्थान भी है। प्रशासन का मानना है कि लगातार भारी संख्या में अभ्यर्थियों द्वारा शारीरिक प्रशिक्षण किए जाने से मैदान की मूल संरचना प्रभावित हो रही थी। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि लंबे समय से गांधी मैदान में दौड़ और कठोर शारीरिक अभ्यास के कारण घास और हरियाली को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा ट्रैक, पाथवे और अन्य संरचनाएं भी धीरे-धीरे खराब हो रही थीं। रोजाना सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थियों के दौड़ने और कसरत करने से मिट्टी उखड़ रही थी और मैदान की समतलता भी प्रभावित हो रही थी। इससे भविष्य में यहां बड़े आयोजनों को कराने में कठिनाई हो सकती थी। गांधी मैदान का उपयोग केवल अभ्यर्थी ही नहीं करते बल्कि आम नागरिक, बच्चे, बुजुर्ग और पर्यटक भी यहां सुबह-शाम टहलने आते हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि शारीरिक प्रशिक्षण के दौरान कई बार आम लोगों को असुविधा होती थी। तेज दौड़, समूह में ट्रेनिंग और कसरत के कारण टहलने वाले लोगों को रास्ता बदलना पड़ता था। कई बार टकराव की स्थिति भी बन जाती थी, जिससे सुरक्षा का सवाल खड़ा हो रहा था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गांधी मैदान को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप ही उपयोग में लाया जाएगा। यह मैदान आम जनता के भ्रमण, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों, राष्ट्रीय पर्वों, सरकारी कार्यक्रमों और शांत वातावरण में समय बिताने के लिए खुला रहेगा। यहां बैठने, टहलने और हल्की गतिविधियों की अनुमति रहेगी, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी शारीरिक दक्षता की तैयारी की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि अभ्यर्थियों को पूरी तरह से अभ्यास से वंचित नहीं किया जा रहा है। शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए प्रशासन की ओर से अन्य मैदानों और चिन्हित स्थलों का उपयोग किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे स्थानों की पहचान करें, जहां अभ्यर्थी बिना किसी बाधा के अपनी तैयारी कर सकें। प्रशासन का मानना है कि इससे गांधी मैदान पर दबाव भी कम होगा और अभ्यर्थियों को भी उचित स्थान मिल सकेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



