वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज: जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी निवेश कंपनी बनाकर आम लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, बहादुरगंज के अस्पताल रोड स्थित Fast World Nidhi Ltd. नामक फर्जी कंपनी वर्ष 2022 में स्थापित की गई थी। कंपनी के माध्यम से भोले-भाले लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर विभिन्न किश्तों में कुल ₹81.83 लाख की ठगी की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
मामले में मुख्य अभियुक्त अफजल अहमद (28 वर्ष), निवासी थाना दिघलबैंक, को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बतासिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस मामले में दिघलबैंक थाना कांड संख्या 66/24, दिनांक 10 जून 2024 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में चोरी, ठगी एवं गबन से संबंधित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा ठगी गई राशि की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
किशनगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी निवेश से पहले संबंधित कंपनी या संस्था की वैधता की जांच अवश्य करें। अधिक लाभ या ब्याज के लालच में आकर किसी अज्ञात संस्था में निवेश करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें।



