लोनी, 25 दिसंबर 2025। लोनी पुलिस का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें अंजलि विहार कॉलोनी निवासी मजदूर सुनील नकली नोट के आरोप में पिछले तीन दिनों से पुलिस हिरासत में है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस न तो उसे जेल भेज रही है और न ही रिहा कर रही है, जबकि कानूनी रूप से किसी भी व्यक्ति को बिना कारण थाने में इतने समय तक रखना सही नहीं है।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात सुनील अपने पड़ोसी विनोद के साथ गढ़ी कटिया, राम पार्क मार्ग स्थित शराब के ठेके पर गया था। वहीं मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे दो 500 रुपये के नोट दिए और अपने लिए भी शराब मंगाने को कहा। जब सुनील ने नोट ठेके पर दिए, तो वे नकली पाए गए। कर्मचारी ने इसकी सूचना 112 नंबर पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सुनील व विनोद को हिरासत में ले लिया।
परिवार का कहना है कि सुनील शराब का आदी है और नशे की हालत में उसने अनजान व्यक्ति से नोट ले लिए, पर नकली नोट गिरोह से उसका कोई संबंध नहीं है। परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस एक गरीब मजदूर को “गुड वर्क” दिखाने के लिए बलि का बकरा बनाने की फिराक में है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी न तो सुनील को अदालत में पेश किया गया और न ही छोड़ा गया, जबकि परिजन लगातार थाने के चक्कर काट रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि सुनील से उस अज्ञात व्यक्ति के बारे में पूछताछ की जा रही है जिसने नकली नोट दिए थे, जो मौके से फरार हो गया। इस बीच चर्चा जोरों पर है कि क्या सुनील वास्तव में किसी गिरोह से जुड़ा है, या नशे में किसी साजिश का शिकार बन गया। परिजनों ने निष्पक्ष जाँच की मांग की है।
FakeNoteCase #LoniNews #PoliceCustody #LaborerSunil #Justice
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



