समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के पालीगंज प्रखण्ड सह अनुमंडल अंतर्गत लालगंज सेहरा गांव स्थित बिहार पब्लिक स्कूल, लालगंज सेहरा में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में शुक्रवार को भावपूर्ण एवं यादगार विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय एवं कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। जिन्होंने अपने सीनियर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम हर्ष, उल्लास और भावनाओं से परिपूर्ण रहा। कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने अपने स्नेह, सम्मान और आभार को शब्दों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से व्यक्त किया।
जिससे वातावरण अत्यंत भावुक और आनंदमय बन गया। विद्यालय की प्राचार्या रीना सिन्हा ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कक्षा दसवीं के प्रत्येक विद्यार्थी को स्मृति-चिह्न (फेयरवेल मोमेंटो) प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं, जिसमें शिक्षक एवं विद्यार्थी एक साथ नृत्य करते हुए नजर आए। इससे विद्यालय परिवार के बीच के सशक्त और स्नेहपूर्ण संबंधों का सुंदर प्रदर्शन हुआ। पूरे परिसर में संगीत, मुस्कान और आनंद का वातावरण बना रहा। यह विदाई समारोह सुखद स्मृतियों के साथ संपन्न हुआ और विद्यार्थियों को बिहार पब्लिक स्कूल से प्राप्त मूल्यों और संस्कारों को जीवन भर अपनाने की प्रेरणा देता हुआ समाप्त हुआ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



