google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में पैसे के विवाद में हुई गोलीबारी, खोखे बरामद

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित बाकरगंज इलाके में गुरुवार की देर शाम पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। एक मोबाइल दुकानदार और एक युवक के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, फायरिंग की इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाकरगंज क्षेत्र में एक मोबाइल दुकान पर पैसों के लेन-देन को लेकर दुकानदार और एक युवक के बीच विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। इसी दौरान दुकानदार की ओर से कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग की गई।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से गोली के दो खाली खोखे बरामद किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) भानु प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। नगर पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह विवाद पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ था, जो मारपीट में बदल गया।

उन्होंने कहा कि दुकानदार द्वारा दो राउंड फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई है, हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीरबहोर थानाध्यक्ष शहजाद गद्दी ने बताया कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि लगभग 70 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल सभी युवक बीएन कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)