दैनिक समाज जागरण 03.07.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
कोलकाता स्थित अपोलो अस्पताल में उपचाराधीन प्रत्यूष आनंद के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, जमशेदपुर पश्चिम के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता देर रात अस्पताल पहुंचे। उनके साथ रांची निवासी मनोज सिंह तथा मानगो निवासी मस्तान सिंह भी मौजूद थे। बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल पहुंचकर उन्होंने प्रत्यूष आनंद के परिजनों से मुलाकात की और इस कठिन समय में उनका मनोबल बढ़ाया।
परिजनों के अनुसार, देर रात इमरजेंसी रिसेप्शन से सूचना मिली कि बन्ना गुप्ता अस्पताल पहुंचे हैं। सूचना मिलने के बाद जब परिवार के सदस्य उनसे मिलने पहुंचे तो उन्हें अचानक अपने सामने देखकर भावुक हो गए। परिवार का कहना है कि ऐसे समय में, जब प्रत्यूष आनंद जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं और पूरा परिवार मानसिक रूप से बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है, तब उनका इस तरह अस्पताल पहुंचना बड़ी मानवीय संवेदना का परिचायक है।
मुलाकात के दौरान बन्ना गुप्ता ने प्रत्यूष आनंद के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और परिवार के सदस्यों को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में परिवार अकेला नहीं है और हर संभव सहयोग के लिए वे साथ खड़े हैं। उनके साथ मौजूद मनोज सिंह और मस्तान सिंह ने भी परिवार का हौसला बढ़ाते हुए शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
परिवार ने कहा कि इस कठिन समय में अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा से जुड़े लोगों का इस प्रकार संवेदनशीलता के साथ आगे आना यह साबित करता है कि इंसानियत किसी भी राजनीतिक सीमा से बड़ी होती है। उनके अनुसार, संकट की घड़ी में बिना किसी औपचारिकता के अस्पताल पहुंचकर परिवार का हालचाल लेना उनके आत्मीय स्वभाव और मानवीय सोच को दर्शाता है।
इस दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों से भी मुलाकात की। उन्होंने प्रत्यूष आनंद के इलाज की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा चिकित्सकों से बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मरीज के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और आवश्यक सभी चिकित्सकीय संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
परिवार ने बन्ना गुप्ता, मनोज सिंह और मस्तान सिंह के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिला यह साथ और संवेदना जीवनभर याद रहेगी। उनका कहना था कि ऐसे क्षणों में मिलने वाला नैतिक संबल किसी भी व्यक्ति और परिवार के लिए सबसे बड़ी शक्ति होता है।
परिजनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रत्यूष आनंद शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौटें तथा उन्होंने बन्ना गुप्ता सहित सभी शुभचिंतकों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और समाज सेवा के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। परिवार का कहना है कि संकट की इस घड़ी में जो लोग बिना बुलाए साथ खड़े हुए, उनका यह स्नेह और आत्मीयता हमेशा स्मरणीय रहेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



