समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी
जुगैल/ सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुरछा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी होती दिखाई दे रही है। घटना में घायल सर्वेश कुमार ने कई लोगों पर तीर-धनुष, बलुआ और पत्थरों से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पीड़ित सर्वेश कुमार पुत्र दशरथ केवर के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब पड़ोसी पक्ष उनके खेत से सटे हिस्से में घास-फूस और कूड़ा फेंक रहा था।
उनका कहना है कि खेत के पास स्थित बावली से आने वाले पानी का उपयोग वह मछली पालन के लिए करते हैं और कूड़ा डालने से पानी का रास्ता बाधित हो रहा था। इस पर उनकी माता मनगीरा देवी ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते दूसरे पक्ष के 10 से 15 लोग मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। सर्वेश कुमार का आरोप है कि कुछ लोग तीर-धनुष और बलुआ लेकर भी पहुंचे तथा उन पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान उनके सिर और दाहिनी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई।
जान बचाने के लिए वह घर में घुस गए, लेकिन आरोपियों ने घर तक पहुंचकर हमला किया और सीमेंट की शेड समेत अन्य सामान में भी तोड़फोड़ कर दी। घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाकर उपचार कराया। उपचार के बाद घायल को छुट्टी दे दी गई। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद भी उनके घर पर दोबारा पथराव किया गया, जिससे छत की शीट क्षतिग्रस्त हो गई। सर्वेश कुमार ने 3 जुलाई को जुगैल थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उनका दावा है कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा एक महिला को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



