मां कूष्मांडा की पूजा, श्रीराम सीता विवाह और कैकेई-मंथरा संवाद का भव्य मंचन; यूट्यूब के माध्यम से विदेशों तक पहुंचा आयोजन
नोएडा, 25 सितम्बर। ए के लाल मीडिया प्रभारी ने बताया की महर्षि नगर रामलीला परिसर में चल रहे शारदीय नवरात्रि एवं रामलीला महोत्सव के चौथे दिन भक्ति, अध्यात्म और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। ब्रह्मलीन परम पूज्य महर्षि महेश योगी जी के आशीर्वाद से आयोजित इस भव्य महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह से सराबोर कर दिया।
मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना
चौथे दिन भक्तों ने मां दुर्गा के कूष्मांडा स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की। दुर्गा पाठ और संध्या आरती के दौरान “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रीरामलीला मंचन: श्रीराम सीता विवाह, कैकेई मंथरा संवाद
रात्रि 8 बजे शुरू हुए रामलीला मंचन की शुरुआत भगवान श्रीराम की आरती से हुई। कलाकारों ने राम विवाह, राम कलेवा और कैकेई – मंथरा संवाद आदि जैसे प्रसंगों का मनमोहक मंचन किया। उत्कृष्ट अभिनय, संवाद और भव्य मंच सज्जा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “जय श्रीराम” के उद्घोषों ने परिसर को गुंजायमान किया, और नयनाभिराम दृश्यावली ने अयोध्या नगरी का जीवंत अनुभव कराया।
मेला परिसर की रौनक
रामलीला परिसर विद्युत सज्जा और झालरों से जगमगा रहा था। पूर्वी और दक्षिणी प्रवेश द्वारों की आकर्षक सजावट ने सभी का ध्यान खींचा। झूले, सर्कस, दुकानें, खाने-पीने के स्टॉल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और कंप्यूटराइज्ड लाइटिंग-इफेक्ट्स ने आयोजन को और भव्य बनाया। बड़े एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम ने मंचन को जीवंत अनुभव में बदला।
सुरक्षा और सुविधाओं का पुख्ता इंतजाम
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड और आपातकालीन सेवाओं की प्रभावी व्यवस्था ने परिसर को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष श्री एवं महर्षि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्रीमान डॉ. अजय प्रकाश श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष श्री राहुल भारद्वाज,नोएडा विधान सभा से भारतीय जनता पार्टी की पूर्व विधायिका श्रीमती विमला बाथम जी की गरिमा मई उपस्थिति रही l श्री दुर्गा पूजा एवं श्री रामलीला महोत्सव के संयोजक श्री रामेंद्र सचान, कोषाध्यक्ष श्री विनीत श्रीवास्तव सहित आयोजन समिति के प्रमुख पदाधिकारी यादवेंद्र यादव, शिशिर कांत श्रीवास्तव, श्रीकांत ओझा, विनोद दीक्षित, दया शंकर गुप्ता, ललन पाठक, गिरीश अग्निहोत्री, शिशुपाल यादव, एस.पी. गर्ग, विनोद श्रीवास्तव, राजेंद्र शुक्ला आदि भी उपस्थित रहे।
वैश्विक प्रसारण
रामलीला मंचन का यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण हुआ, जिसके माध्यम से भारत और विदेशों में बसे लाखों रामभक्तों ने इस आयोजन का आनंद लिया।
महर्षि नगर रामलीला महोत्सव का चौथा दिन भक्ति, संस्कृति और उत्सव का अनुपम संगम रहा, जो श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया।



