ऋषि बने मिस्टर फ्रेशर, चाहत को मिला मिस फ्रेशर का खिताब
दैनिक समाज जागरण, [[ महेन्द्र जावला बहल ]]
बहल, 16 अक्टूबर। बीआरसीएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, बहल में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी ‘नक्सोरा-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर जूनियर विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें जीवन में सदैव सत्य और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के स्वामी विवेकानंद सभागार में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बीआरसीएम शिक्षण समिति के निदेशक डॉ. एस.के. सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्कूली शिक्षा पूरी करके कॉलेज जीवन में प्रवेश कर चुके हैं। कॉलेज में स्कूल की अपेक्षा अधिक स्वतंत्रता मिलती है, लेकिन इस स्वतंत्रता का सदुपयोग करते हुए सही दिशा में आगे बढ़ना और अपने सपनों को साकार करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने तथा देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बीआरसीएम में विद्यार्थियों के विकास के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका उन्हें भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुज शर्मा ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में योग्य एवं अनुभवी फैकल्टी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है। बीआरसीएम से शिक्षा प्राप्त कर चुके विद्यार्थी देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने तथा शिक्षक-विद्यार्थी के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग बनाए रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम का मंच संचालन द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों आरजू और हितेश ने किया। फ्रेशर पार्टी की शुरुआत परिचय सत्र से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने रैंप वॉक और मॉडलिंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रश्नोत्तरी एवं सवाल-जवाब के दौर में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. अंजू और राम घणघस द्वारा घोषित परिणामों में ऋषि को मिस्टर फ्रेशर और चाहत को मिस फ्रेशर चुना गया। इसके अतिरिक्त दीपू को मिस पर्सनैलिटी, रणजीत को मिस्टर पर्सनैलिटी, रितिका को मिस एंटरटेनर, लकी को मिस्टर एंटरटेनर, निकिता को मिस इंट्रो तथा मनदीप को मिस्टर इंट्रो का खिताब प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कंप्यूटर साइंस विभाग की सहायक प्रोफेसर दीपिका ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बीआरसीएम एजुकेशन सोसायटी के निदेशक डॉ. एस.के. सिन्हा, कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुज शर्मा, लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील शुक्ला, बीआरसीएम ज्ञानकुंज स्कूल के प्राचार्य राजेश झाझड़िया, बीआरसीएम शिशुकुंज स्कूल के प्राचार्य संदीप टंडन, रजिस्ट्रार पवन पंघाल, वित्त अधिकारी साहिल अरोड़ा, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. दिनेश कुमार, अमित फोगला, सुरेश जांगड़ा, डॉ. ललित गौड़, दीपिका, डॉ. रजनीश, अमित रंजन, ज्योति सहित शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



