शीतलहर में स्वामी विवेकानंद का संदेश जमीन पर उतरा
वाराणसी। भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच स्वामी विवेकानंद की जयंती पर दशाश्वमेध घाट पर मानवता, संवेदना और सेवा भाव का सशक्त दृश्य देखने को मिला। गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में सोमवार को आयोजित सेवा अभियान के तहत 500 जरूरतमंद व्यक्तियों को गुणवत्तापूर्ण कंबल वितरित किए गए और उन्हें भोजन कराया गया, ताकि वे ठंड की मार से सुरक्षित रह सकें। काशी के पौराणिक एवं प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती के माध्यम से सनातन संस्कृति की अलख जगा रही गंगोत्री सेवा समिति द्वारा यह आयोजन स्वामी विवेकानंद के विचारों और उनके नर सेवा ही नारायण सेवा है के संदेश को समर्पित रहा। कार्यक्रम का संयोजन समिति के संस्थापक अध्यक्ष किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज के मार्गदर्शन में किया गया।
सेवा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी तथा अति विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार रहे। आयोजन का शुभारंभ मां गंगा के पूजन-अभिषेक से हुआ। इसके बाद अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला तथा समाज को सेवा, समर्पण और संवेदना का संदेश दिया। इसके पश्चात जरूरतमंदों को पूरी गरिमा और सम्मान के साथ कंबल वितरित किए गए और उन्हें भोजन कराया गया। आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने इसे सिर्फ एक सेवा कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों को जीवंत करने वाला प्रयास बताया। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर इस आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि समाज की सच्ची सेवा वही है, जो संकट के समय जरूरतमंद के साथ खड़ी हो। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है। गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज ने बताया कि समिति द्वारा यह सेवा अभियान हर वर्ष नियमित रूप से चलाया जाता है, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से इस वर्ष 500 जरूरतमंद परिवारों को पहले से चिन्हित कर गुणवत्तापूर्ण कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि कोई जरूरतमंद सूची में छूट गया है, तो उसे भी शीघ्र कंबल प्रदान किया जाएगा। कंबल एवं भोजन वितरण कार्यक्रम में समिति के संरक्षक कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, सचिव दिनेश शंकर दुबे, संजय शर्मा, नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला, गणेशदत्त शास्त्री, सुनील मिश्रा, अशोक गुप्ता (असिस्टेंट जनरल मैनेजर, यूको बैंक), रितेश कुमार (डीजीएम, सिडबी), कन्हैया दुबे केडी, दिलीप गुप्ता, संकठा प्रसाद, अक्षय लाल, रामबोध सिंह, संजय यादव, पृथ्वी मांझी, संजय गुप्ता सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



