बबन ठाकुर बने अध्यक्ष, शुभम गुप्ता को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी; नवरात्रि को भव्य बनाने पर बनी रणनीति
समाज जागरण/संतोष कुमार
बीजपुर/सोनभद्र। आगामी शारदीय नवरात्रि को लेकर गोकुलधाम शांति नगर-2, विनोद टायर गली में रविवार देर शाम दुर्गा पूजा समिति के गठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोहल्ले के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक की शुरुआत मां दुर्गा के जयकारे के साथ हुई।
बैठक में इस वर्ष दुर्गा पूजा को और भव्य एवं आकर्षक बनाने, पूजा पंडाल की व्यवस्था, चंदा संग्रह, लाइट-साउंड, सुरक्षा व्यवस्था और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न विषयों पर देर रात तक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में युवाओं का खासा उत्साह देखने को मिला।
ऋषभ सिंह और मनीष पासवान की रही अहम भूमिका
बैठक को सफल बनाने में सूचना मंत्री ऋषभ सिंह और मनीष कुमार पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने बैठक की रूपरेखा तैयार करने के साथ मोहल्लेवासियों को एकजुट किया और सभी लोगों की राय लेते हुए पूजा आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
सर्वसम्मति से हुआ पदाधिकारियों का चयन
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी बबन ठाकुर को अध्यक्ष तथा युवा व्यवसायी शुभम गुप्ता को उपाध्यक्ष चुना गया। दोनों के नामों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर सहमति जताई।
नई कार्यकारिणी में विनोद चंद्रवंशी को महामंत्री, मनोज कुमार सिंह एवं नरेंद्र सिंह को कोषाध्यक्ष, पवन श्रीवास्तव को संगठन मंत्री तथा ऋषभ सिंह एवं मनीष कुमार पासवान को सूचना मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
वहीं व्यवस्थापक मंडल में संजीत कुमार साह, पृथ्वीकांत ओझा, आशुतोष गुप्ता, अक्षय यादव और मनर देव नागर को शामिल किया गया। समिति के मार्गदर्शन के लिए अजीत कुमार कुशवाहा, अरुण कुमार शाह और संदीप उपाध्याय को संरक्षक मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अध्यक्ष ने जताया आभार
नवनियुक्त अध्यक्ष बबन ठाकुर ने सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार गोकुलधाम में दुर्गा पूजा को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक और शांतिपूर्ण बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया जाएगा।
वहीं उपाध्यक्ष शुभम गुप्ता ने कहा कि पूजा आयोजन में युवाओं की सक्रिय भूमिका रहेगी। युवाओं की टीम पूरी मेहनत और उत्साह के साथ तैयारियों में जुटेगी। बैठक में मौजूद लोगों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी दुर्गा पूजा को सफल बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



