उरमौरा ढाबे के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हुआ हादसा, बच्चों को दूसरे वाहन से भेजा गया स्कूल
समाज जागरण/अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब सात बजे उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब उरमौरा ढाबे के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर ग्लेनहिल स्कूल रॉबर्ट्सगंज के बच्चों को लेकर जा रहे स्कूली वाहन का अचानक अगला चक्का टूट गया। चक्का टूटने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। हालांकि चालक ने किसी तरह वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे उसमें सवार करीब 20 बच्चे बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जानकारी मिलते ही बच्चों के कुछ अभिभावक और स्कूल प्रशासन से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद बच्चों को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर सुरक्षित स्कूल भेजा गया। हादसे में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की फिटनेस और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसे में वाहन का चलते समय अचानक चक्का टूट जाना गंभीर चिंता का विषय है।
बताया जा रहा है कि परिवहन विभाग की ओर से स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों को लेकर समय-समय पर जांच अभियान चलाया जाता है। इसके बावजूद सड़क पर चल रहे स्कूली वाहन में इस तरह की तकनीकी खराबी सामने आने से जांच व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों ने मांग की है कि स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि वाहनों की तकनीकी स्थिति की नियमित और कड़ाई से जांच की जाए।
अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन नियंत्रित नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने संबंधित विभाग से स्कूली वाहनों की नियमित जांच कराने, फिटनेस मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल घटना में सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते वाहन नियंत्रित हो जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



