आदिवासी सुनील त्रिपाठी/ समाज जागरण
चोपन/ सोनभद्र। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी चोपन में ग्राम देवता श्री लाखन वीर बाबा के वार्षिकोत्सव को लेकर नगर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। वार्षिकोत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। नगर पंचायत चोपन द्वारा मंदिर परिसर एवं आसपास में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुगम वातावरण मिल सके।
नगर पंचायत अंतर्गत हाईडील कॉलोनी के समीप सोन नदी के तट पर स्थित ग्राम देवता श्री लाखन वीर बाबा का यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुरादें अवश्य पूरी होती हैं। इसी आस्था के चलते वार्षिकोत्सव के अवसर पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। नगर पंचायत के कर्मचारियों द्वारा मंदिर परिसर, रास्तों तथा आसपास की झाड़ियों की साफ-सफाई कराई जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियां भी की जा रही हैं।

स्थानीय श्रद्धालुओं एवं समिति के सदस्यों ने बताया कि वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में 13 तारीख से 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन होगा उसके पश्चात पूजा-पाठ, हवन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि श्री लाखन वीर बाबा के प्रति क्षेत्र में गहरी आस्था है और वार्षिकोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बन चुका है। प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों से लोगों में प्रसन्नता है और सभी को एक सफल आयोजन की उम्मीद है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



