वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज ।
बिहार दिवस 2026 के अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग, शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन, किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में शहीद अशफाकउल्लाह खाँ (खगड़ा) स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी विशाल राज थे। उनके आगमन पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, एसडीएम अनिकेत कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य, लोकगीत, देशभक्ति गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपरा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार ज्ञान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की भूमि है। उन्होंने छात्रों को शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से राज्य एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें सरकारी योजनाओं एवं स्थानीय उत्पादों की जानकारी दी गई। नगर परिषद द्वारा स्वच्छता जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक एवं आमजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाने के साथ-साथ युवाओं को अपनी परंपरा से जोड़ने का प्रेरक माध्यम बना।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



