वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
8 मई। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज सभागार में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज शाखा द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष विशाल राज ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर सैनिक सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने जयघोष बैंड की मनमोहक प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी ड्यूनैंट की जयंती पर उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. इच्छित भारत तथा सचिव मिक्की साहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से अतिथियों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-संवाद एवं सम्मान समारोह का भी आयोजन हुआ, जिसमें समाज सेवा, जागरूकता एवं रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि सूखा नशा युवा पीढ़ी एवं उनके परिवार को बर्बाद कर देता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिवर्ष लाखों लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि विशाल राज ने कहा कि रेड क्रॉस मानवता, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं एवं छात्रों से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही रेड क्रॉस द्वारा जिले में संचालित रक्तदान शिविर, आपदा राहत एवं जनजागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए संस्था के कार्यों को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव आभाष कुमार साहा ने किया। इस अवसर पर धनंजय जायसवाल, नागरमल झवर, अजय गुप्ता, विमल मित्तल, सौरभ कुमार, सुरोजीत दास, सत्यम साहा, सुमित साहा सहित कई गणमान्य लोग, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं रेड क्रॉस सदस्य उपस्थित थे।



