वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पौआखाली थाना के वार्षिक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितता पाए जाने पर थानाध्यक्ष अंकित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर कर्तव्यहीनता, मनमानेपन, अनुशासनहीनता एवं वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक द्वारा 7 मई 2026 को पौआखाली थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वर्ष 2023 से अब तक विभिन्न पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना का सात बार निरीक्षण किया गया था, लेकिन केवल एक निरीक्षण में दिए गए निर्देशों का अनुपालन किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने पाया कि पूर्व निर्धारित तिथि होने के बावजूद थानाध्यक्ष अंकित सिंह द्वारा निरीक्षण को लेकर कोई तैयारी नहीं की गई थी। साथ ही पूर्व में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी निरीक्षण टिप्पणियों एवं निर्देशों का भी पालन नहीं किया गया।
इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने अंकित सिंह को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय कार्यवाही के तहत उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



