google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

रामलीला में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया जागरूक, सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी

गुन्नौर। नगर के सराय मोहल्ला स्थित चामुंडा मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला के दौरान गुन्नौर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

रामलीला देखने के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे पहुंचे थे। धार्मिक आयोजन के बीच पुलिस टीम ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना किसी डर और झिझक के पुलिस से संपर्क करें।

महिलाओं के उत्पीड़न पर चुप न रहने की अपील

वरिष्ठ उप निरीक्षक संदीप मलिक ने महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। महिलाओं को अपने साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। कई बार सामाजिक दबाव और डर के कारण महिलाएं उत्पीड़न की घटनाओं को छिपा लेती हैं, जिससे उनकी परेशानी बढ़ जाती है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे चुपचाप अन्याय सहने के बजाय पुलिस को इसकी जानकारी दें।

महिला पुलिसकर्मियों ने बताए सुरक्षा के उपाय

महिला कांस्टेबल अंजलि ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी दिन-रात महिलाओं और छात्राओं को जागरूक करने के लिए कार्य कर रही हैं। यदि किसी महिला या छात्रा को अराजक तत्व परेशान करते हैं, तो वह बेझिझक पुलिस को सूचना दे सकती है। शिकायत मिलने पर पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को वूमेन पावर हेल्पलाइन नंबर 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी। साथ ही मिशन शक्ति अभियान से संबंधित पंपलेट वितरित किए, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और बालिकाएं इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

इस मौके पर वरिष्ठ उप निरीक्षक संदीप मलिक, अनार सिंह, महिला आरक्षी अंजलि, ज्योति, छाया तथा एंटी रोमियो टीम के सदस्य मौजूद रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)