कड़ी मेहनत और निरंतरता ही सफलता की कुंजी है – अंकित दुदानी

स्व.रामकिशन गुप्ता ने सम्पूर्ण भारत में शिक्षा की अलख जगाई: अंकित दुदानी

दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )

चरखी दादरी, 15 फरवरी । स्थानीय डी.आर.के. आदर्श विद्या मंदिर में शिक्षा और उत्कृष्टता को समर्पित एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दादरी एजुकेशन सोसाइटी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर श्री राम कृष्ण गुप्ता मेधावी छात्र योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभावान छात्रों को उनकी शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शोभा मुख्य अतिथि अंकित दुदानी गोयल (वरिष्ठ पत्रकार, न्यूज 18 हरियाणा एवं सदस्य, प्रेस सलाहकार समिति, हरियाणा) ने बढ़ाई।

उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। अपने संबोधन में अंकित दुदानी गोयल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और निरंतरता ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यालय द्वारा मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए चलाई जा रही इस योजना की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दादरी एजुकेशन सोसायटी के शिक्षण संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करके यहां के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पदों पर जाकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं और इस क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संस्कार देकर ये संस्थान महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

शिक्षा के साथ आपके संस्कार आपको सफलता की शीर्षतम ऊंचाइयों पर जाने में सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि स्व.रामकिशन गुप्ता को शिक्षा और समाज कल्याण कार्यों के लिए देश भर में याद किया जाता है। स्व.श्री रामकिशन गुप्ता ने दर्जनों शिक्षण संस्थाओं को संचालित कर ऐतिहासिक मिसाल कायम की है। उन्होंने संपूर्ण भारत में शिक्षा की अलख जगाई। अंकित दुदानी ने आगे कहा कि इस क्षेत्र के लोगों को शिक्षित करने और उन्हें कामयाब बनाने में दादरी एजुकेशन सोसायटी की शिक्षण संस्थानों का बहुत बड़ा महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने अपने विद्यार्थी काल के अनुभव भी विद्यार्थियों से साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने अंदर शिक्षा के साथ साथ संस्कारों को बनाए रखें। अपने माता- पिता, गुरुजनों,बड़े बुजुर्गो का सम्मान करेंगे तो निश्चित तौर पर सफलता हासिल करेंगे।

उन्होंने कहा कि विजय एक पड़ाव है और जिन्हे जीत मिली उन्हें बधाई लेकिन जिन्हे जीत नहीं मिली वे विद्यार्थी निराश होने की बजाय दोगुने उत्साह एवं मेहनत से सफलता की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपना प्रत्येक कार्य राष्ट्र हित को सर्वोपरि मानकर करें और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उनके व दादरी एजुकेशन सोसायटी के सदस्यों, शिक्षकों द्वारा डी.आर.के ओलंपियाड के विजेताओं के सम्मान समारोह के दौरान विशेष रूप से डी.आर.के ओलंपियाड के विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

साथ ही खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। दादरी एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा डा. विद्या गुप्ता, प्राचार्य अवनीन्द्र सती ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सम्मान समारोह में राधेश्याम ऐरन उपप्रधान, हरिराम खुडानिया महासचिव, सचिव जय प्रकाश, कार्यक्रम संयोजक विजय गर्ग,चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के पीआरओ ऋषि शर्मा, राजीव, धीरज,वरुण,पुनीत,राजेंद्र,कृष्ण, व कार्यकारिणी सभा के सम्मानित सदस्य एवं दादरी शहर के प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित थे। विद्यालय व अन्य शिक्षण संस्थानों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह का समापन सफलतापूर्वक हुआ।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)