पंकज कुमार पाठक,दैनिक समाज जागरण
हजारीबाग-जिला पशुपालन विभाग, हजारीबाग की ओर से सोमवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना 2024-25 के तहत पदमा प्रखंड के चयनित लाभुकों के बीच सूकर विकास योजना एवं ब्रायलर चूजा वितरण योजना के अंतर्गत सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम जिला पशुपालन कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य पशुपालन को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोज़गार के अवसर सृजित करना और लोगों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है। इन योजनाओं के माध्यम से लाभुकों को आधुनिक पशुपालन पद्धतियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर लाभुकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पशुपालन से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सही देखभाल और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है।

लाभुकों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर प्रदान कर रही हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
कार्यक्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रीता चौधरी, पदमा प्रखंड के पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रिंस राज, पशुधन सहायक महेश कुमार, ललन कुमार यादव उर्फ लालू, छोटन कुमार सहित विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



