पंकज कुमार पाठक,दैनिक समाज जागरण
पदमा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमा में शुक्रवार को स्वास्थ्य मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों का केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. धीरज कुमार ने बुके एवम अंगवस्त्र देकर स्वागत व सम्मान किया।
स्वास्थ्य मेले के दौरान सिविल सर्जन हजारीबाग डॉ. अशोक कुमार द्वारा राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। आम लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पहुंचाने के उद्देश्य से मेले में अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मौके पर ही जांच एवं प्राथमिक निदान किया गया।
स्वास्थ्य मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया। स्टॉलों के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, परिवार नियोजन सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य से जुड़ी कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ आम जनता को जरूर लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 5 लाख रुपये तक तथा अबुआ स्वास्थ्य कार्ड से 15 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज संभव है। विधायक ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमा में स्वास्थ्य सेवाएं बहाल की गई हैं और आने वाले समय में इसे और बेहतर किया जाएगा।
कार्यक्रम में बीडीओ निधि रजवार,जिला परिषद सदस्य बसंत नारायण मेहता, उपप्रमुख सत्येंद्र राणा, विधायक प्रतिनिधि नारायण यादव,बीस सूत्री अध्यक्ष संजय यादव, पदमा पंचायत के मुखिया अनिल मेहता,भाजपा नेता अजय मेहता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। स्वास्थ्य मेले को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और लोगों ने उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



