google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर हिंदू संगठनों ने काटा बवाल, ‘चंगाई सभा’ का आयोजन कर धर्मांतरण का आरोप

ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण

सोनभद्र। जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बभनौली गांव में धर्म परिवर्तन के आरोप का मामला सामने आया है। गांव में सुनील पाल के घर पर एक ‘चंगाई सभा’ का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें पास्टर रामू प्रजापति, उनकी पत्नी रिंकी और एक बाहरी व्यक्ति सहित लगभग एक दर्जन लोग मौजूद थे। सूचना मिलने पर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर इसका कड़ा विरोध किया और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभा में मौजूद सभी व्यक्तियों को कोतवाली ले आई। शिकायतकर्ताओं की तहरीर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला मंत्री शिवम राजपूत ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली थी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो धर्म परिवर्तन कराने वाले लोगों द्वारा स्थानीय महिलाओं को आगे कर धमकी दी जा रही थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। राजपूत ने जोर देकर कहा कि जिले में किसी भी सूरत में धर्मांतरण का खेल नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, आरोपी पक्ष की आशा देवी, मंजू और अधिवक्ता आर.सी. भारत ने आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि वे अपने घर में प्रभु यीशु की प्रार्थना कर रहे थे और हिंदू संगठन के लोग जबरन उनके घर में घुस आए। उन्होंने तर्क दिया कि संविधान उन्हें किसी की भी प्रार्थना करने का अधिकार देता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस के माध्यम से हिंदू राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से लगातार ऐसे षड्यंत्र रच रही है, लेकिन उनकी यह मंशा कभी पूरी नहीं होगी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें पास्टर रामू प्रजापति और उनकी पत्नी रिंकी शामिल हैं। पुलिस इन दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत गांव पहुंची और सभा में मौजूद सभी लोगों को कोतवाली लेकर गई। पुलिस ने पास्टर रामू प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)