समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी।
आगामी देव दीपावली पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। घाटों की साफ-सफाई और रोशनी की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पहले ही नोडल अधिकारियों की तैनाती की जा चुकी है। इसी सिलसिले में मंगलवार को नगर निगम सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने की। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि देव दीपावली की तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शहर के घाटों को आपस में जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो, जलभराव, पाइपलाइन लीकेज या अतिक्रमण जैसी कोई भी समस्या नहीं होनी चाहिए। यदि निरीक्षण के दौरान इनमें से कोई भी खामी पाई जाती है, तो संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल कागजी बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि खुद मौके पर जाकर जमीनी हकीकत का जायजा लें और समय रहते सभी कमियों को दुरुस्त करवा लें। बैठक में विशेष रूप से जल निगम के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। त्योहार के दौरान जलापूर्ति और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश देने के साथ ही, नगर आयुक्त ने रामकुंड की जर्जर दीवार की तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराने को कहा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि काशी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा , विनोद कुमार गुप्ता, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव, उद्यान अधीक्षक डा. बीके सिंह, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी मनीष कुमार शुक्ला, मुख्य नगर लेखापरीक्षक संजय प्रताप सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कुमार असीम रंजन, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. विजय अमृत राज , जोनल अधिकारी संयुक्त नगर आयुक्त / जोनल अधिकारी (भेलूपुर) कृष्णचन्द्र, जोनल अधिकारी (आदमपुर) : पवन कुमार गुप्ता , जोनल अधिकारी (दशाश्वमेध), जोनल अधिकारी (वरुणापार ) जितेंद्र आनंद , जोनल अधिकारी (ऋषि मांडवी) मुन्ना राम सहित अन्य लोग उपस्थित थे ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




