32 सिलेंडर जब्त, मकान मालिक फरार
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी के पटना सिटी इलाके में प्रशासन ने अवैध एलपीजी भंडारण के खिलाफ एक बड़ी स्ट्राइक की है। पूर्वी नंदगोला स्थित एक मकान में चल रहे काले खेल का पर्दाफाश करते हुए संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। छापेमारी की भनक लगते ही मुख्य आरोपी मकान मालिक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। प्रशासन को सूचना मिली थी कि घनी आबादी वाले इलाके में सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर गैस सिलेंडरों का अवैध स्टॉक जमा किया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मालसलामी थाना पुलिस, अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की एक संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने जब चिह्नित मकान पर धावा बोला, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। मौके से बिना किसी शुरक्षा मानक या अनुमति के अवैध रूप से रखे गए कुल 32 गैस सिलेंडर बरामद हुई है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह का अवैध भंडारण एक ‘टाइम बम’ की तरह है, जिससे पूरे मोहल्ले की सुरक्षा खतरे में थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छापेमारी के साथ-साथ प्रशासन ने बाजार में फैल रही गैस किल्लत की अफवाहों पर भी कड़ा प्रहार किया है। सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताया गया है, जिनमें मध्य-पूर्व (मिडल ईस्ट) के तनाव के कारण आपूर्ति प्रभावित होने का दावा किया जा रहा था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों पर कड़ी नजर है।
अनावश्यक बुकिंग रोकने के लिए OTP (वन टाइम पासवर्ड) सिस्टम अनिवार्य कर दिया गया है।यह कार्रवाई केवल पटना तक सीमित नहीं है। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अररिया, सहरसा, बेगूसराय और गोपालगंज सहित 7 जिलों में छापेमारी जारी है। अब तक कुल 400 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं और 21 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 पर दें। आपकी एक सूचना बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



