समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार के 114वें स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन बॉलीवुड के पार्श्व गायक शान ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से गांधी मैदान में मौजूद हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने अपने सुपरहिट गाने ‘मैं हूँ डॉन’ से धमाकेदार शुरुआत की, जिसके बाद ‘चांद सिफारिश’ जैसे रूमानी गीतों ने फिजा में चाशनी घोल दी। शान की हर धुन पर युवा और बुजुर्ग समान रूप से झूमते नजर आए। श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में भरतनाट्यम
जहाँ एक ओर गांधी मैदान आधुनिक संगीत से गुलजार है, वहीं श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में शास्त्रीय नृत्य की अविरल धारा बह रही है। डॉ. एन. विजायलक्ष्मी द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम ने दर्शकों को दक्षिण भारतीय संस्कृति और परंपरा से रूबरू कराया। उनकी सधी हुई मुद्राओं और भाव-भंगिमाओं ने कला प्रेमियों को सम्मोहित कर लिया। महोत्सव के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने भी गांधी मैदान पहुंचकर इन प्रदर्शनियों का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से आपदा प्रबंधन विभाग के स्टॉल का बारीकी से निरीक्षण किया और कहा की मेरे पिता (मुख्यमंत्री) ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किए हैं। आम जनता को इन स्टॉलों पर आकर सरकार की योजनाओं को जरूर समझना चाहिए। यह तीन दिवसीय उत्सव न केवल बिहार की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना, बल्कि राज्य की विकास यात्रा की एक सजीव झांकी के रूप में भी उभरा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



