google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के गौरीचक में तटबंधों से अवैध मिट्टी खनन जारी

प्रशासन मौन, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

पटना/ जिले के पुनपुन प्रखंड अंतर्गत गौरीचक थाना क्षेत्र की बरावां पंचायत में माफियाओं द्वारा बेखौफ होकर किए जा रहे अवैध मिट्टी खनन से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि पिछले एक महीने से दर्धा नदी के तटबंधों को पोकलेन मशीनों से काटा जा रहा है, जिससे आगामी मानसून में भीषण बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।

समाजसेवी व शिकायतकर्ता धनंजय मधु ने बताया कि बेलदारी टोला से जैतिपुर पुल तक तटबंध को कमजोर कर रात के अंधेरे में हाइवा ट्रकों से मिट्टी की ढुलाई की जा रही है। उन्होंने इस संबंध में 23 मार्च 2026 को ही जिला पदाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी को लिखित शिकायत भेजी थी, लेकिन 8 अप्रैल तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। धनंजय मधु का आरोप है कि अधिकारी मामले में संज्ञान लेने के बजाय मिलने से भी कतरा रहे हैं।

बरावां, बेलदारी टोला, जैतिपुर, पटनपुरा और कंसारी जैसे गांवों के किसानों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले से ही पुनपुन और मोरमोर नदी की बाढ़ से प्रभावित रहता है। तटबंध से छेड़छाड़ होने के कारण हजारों एकड़ फसल और दर्जनों गांवों के अस्तित्व पर संकट मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की मिलीभगत के बिना इतने बड़े पैमाने पर खनन संभव नहीं है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि मामले की जांच के लिए तुरंत कमेटी गठित कर स्थलीय निरीक्षण किया जाए और खनन माफियाओं समेत लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)