लूट का बैग, भारी मात्रा में आभूषण (सम्पूर्ण माल की कीमत 6222500 रुपये) अवैध तमंचा एवं मोटरसाइकिल बरामद
समाज जागरण/ अकबर अली
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में थाना बभनी पुलिस, एसओजी टीम एवं थाना दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए थाना बभनी पर पंजीकृत मु0अ0सं0-158/2026, धारा 309(6), 317(2) बीएनएस से संबंधित ₹25,000 के इनामी वांछित अभियुक्त पंकज साह पुत्र पुरुषोत्तम साह, निवासी धूरीताल, थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) को दिनांक 03.08.2026 को प्रातः लगभग 02:22 बजे पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
घटना का विवरण दिनांक 18.07.2026 को वादी कुलधीर कुमार पुत्र स्व. सीताराम, निवासी ग्राम चपकी, थाना बभनी, जनपद सोनभद्र द्वारा सूचना दी गई कि वह रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) के साप्ताहिक बाजार से आभूषण विक्रय कर वापस लौट रहे थे। शाम लगभग 06:30 बजे थाना बभनी क्षेत्र के शीशटोला जंगल के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर चाकू से हमला किया तथा सोने-चाँदी के आभूषण एवं लगभग ₹40,000/- नगद से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना बभनी पर मु0अ0सं0-158/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रकरण में पूर्व में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान दो अन्य अभियुक्त प्रकाश में आए, जिन पर ₹25,000-₹25,000 का पुरस्कार घोषित किया गया था।
मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी का विवरण; दिनांक 03.08.2026 को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक थाना बभनी अरविन्द सरोज के नेतृत्व में थाना बभनी पुलिस, एसओजी टीम एवं थाना दुद्धी पुलिस द्वारा अरझट पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान शीशटोला की ओर से रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) की तरफ एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों बदमाश मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे, लेकिन बरसात के कारण सड़क किनारे फिसलकर गिर गए। इसके बाद दोनों झाड़ियों की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे।
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ न्यूनतम बल का प्रयोग करते हुए की गई जवाबी कार्रवाई में पंकज साह के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी संजय साकेत पुत्र लालजी साकेत, निवासी थाना बरगवां, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
उक्त गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई है। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त पंकज साह ने बताया कि उसने अपने साथियों संजय साकेत, मनोज साकेत एवं रमेश साकेत के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना से पूर्व रेकी की गई थी तथा लूट के बाद सोने-चाँदी के आभूषणों से भरा बैग जंगल में छिपा दिया गया था। घटना के दौरान लूटी गई नकदी चारों अभियुक्तों में आपस में बांट ली गई थी। अभियुक्त के कब्जे से बरामद ₹1,500/- उसी बंटवारे की राशि का हिस्सा होना बताया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर लूट का बैग बरामद किया गया, जिसकी पहचान वादी द्वारा मौके पर ही कर ली गई।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



