समाज जागरण | मीरजापुर
मीरजापुर। फरियादियों को त्वरित, संतुष्टिपरक एवं गुणवत्तापूर्ण न्याय दिलाने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी के समक्ष कुल 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि फरियादी को एक ही समस्या के लिए बार-बार तहसील या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता का फीडबैक शासन स्तर से सीधे शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर लिया जा रहा है। ऐसे में अधिकारी प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने पैमाइश एवं कब्जे से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने तथा दोनों पक्षों की मौजूदगी में प्रकरण की गंभीरता से सुनवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य तहसील स्तर पर ही फरियादियों की समस्याओं का समाधान करना है, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
आईजीआरएस पर लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, वन विभाग, एलडीएम एवं विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों में अत्यधिक असंतुष्ट फीडबैक मिलने और इससे जनपद की रैंक प्रभावित होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सितम्बर माह के शेष दिनों में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दैवीय आपदा से प्रभावित मकानों एवं फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। खंड विकास अधिकारी पटेहरा कला को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रचार-प्रसार के अभाव में यदि कोई पात्र व्यक्ति योजना से वंचित है तो चौपाल आदि आयोजित कर उसे योजनाओं की जानकारी दी जाए और मौके पर पंजीकरण कराकर पात्रतानुसार लाभ दिलाया जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने तथा पात्र व्यक्तियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए गए।
अन्य तहसीलों में भी सुनी गईं शिकायतें
तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी भू/रा विजेता के समक्ष 143 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 19 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील चुनार में उप जिलाधिकारी अनेग सिंह के समक्ष 114 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें पांच का निस्तारण हुआ। वहीं तहसील लालगंज में उप जिलाधिकारी अजीत कुमार के समक्ष 58 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें चार मामलों का मौके पर समाधान किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील मड़िहान में उप जिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी मड़िहान, जिला पंचायत राज अधिकारी राम उदय यादव सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



