10 लाख की संपत्ति चोरी
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिला के दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोपुर स्थित एक्वा सिटी फेज-3 के पास चोरों ने बंद पड़े दो घरों को निशाना बनाकर पुलिसिया गश्ती की पोल खोल दी है। बेखौफ चोरों ने एक सैनिक और उनके पड़ोसी के घर से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मनोज कुमार सिंह (सेना के जवान) बीते 10 मई को सपरिवार अपने पैतृक घर मुजफ्फरपुर गए हुए थे। बुधवार शाम जब वे वापस लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। घर के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व गोदरेज के ताले टूटे हुए थे। मनोज कुमार ने बताया कि चोरों ने लाखों के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली है।
चोरों ने मनोज कुमार के पड़ोसी अभिषेक कुमार के बंद घर का भी ताला तोड़ा। अभिषेक फिलहाल शहर से बाहर हैं, इसलिए उनके घर से हुई चोरी के सटीक आकलन का पता उनके लौटने के बाद ही चल पाएगा। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। सूचना मिलने पर पहुंची दानापुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को अंदेशा है कि रेकी करने के बाद ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है। इधर, घटना से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस गश्ती न के बराबर होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही गिरोह की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



