वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
पटना गांधी मैदान में आयोजित ‘डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो 2026’ के तीसरे दिन आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास पर केंद्रित व्यापक विचार-विमर्श हुआ। 26 फरवरी से 2 मार्च तक चल रहे इस भव्य आयोजन ने राज्य की औद्योगिक क्षमता और संभावनाओं को एक ही मंच पर प्रस्तुत करते हुए इसे अब तक की सबसे बड़ी उद्योग प्रदर्शनी के रूप में स्थापित किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
अपने संबोधन में उद्योग मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि बिहार औद्योगिक प्रगति के नए चरण में प्रवेश कर चुका है। राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि बिहार को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध औद्योगिक राज्य के रूप में स्थापित किया जाए। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय लक्ष्य में बिहार की सक्रिय भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़े उद्योगों के साथ-साथ लघु, कुटीर और सूक्ष्म उद्योगों को भी समान अवसर और प्रोत्साहन दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्थिर शासन, उद्योग-अनुकूल नीतियों तथा सुदृढ़ आधारभूत ढांचे के कारण निवेशकों का विश्वास निरंतर बढ़ रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में भी बिहार संभावनाओं का नया केंद्र बन रहा है, जो राज्य को भविष्य की अर्थव्यवस्था में सशक्त स्थान दिलाएगा।
यह एक्सपो बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं उद्योग विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना तथा निवेशकों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद को सुदृढ़ बनाना है।
एक्सपो ने राज्य में औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं को रेखांकित करते हुए आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प को मजबूती प्रदान की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



