ब्यूरो समाज जागरण
खलियारी/ सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस के अवसर पर एस.बी.आई. फाउंडेशन के सहयोग से प्रयत्न संस्था द्वारा एस.बी.आई. संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स परियोजना के तहत सोनभद्र जिले के नगवा ब्लॉक के बाराडांड गांव में जागरूकता गतिविधि का आयोजन ग्राम प्रधान राम इक़बाल यादव की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें 39 महिलाओं एवं 79 पुरुषों सहित 118 लोगों की भागीदारी रही तथा कार्यक्रम में उपस्थित 2 दिव्यांजनों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी सुन्दर सिंह ने बताया की अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन में मान सम्मान, समानता और भागीदारी दिलाना है तथा दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है इसके अलावा अन्य लोगों को भी दिव्यांगता के प्रति जागरूक करना है ताकि वो लोग भी दिव्यांगजनों के अधिकारों को समझें और उनके प्रति दया एवं सहयोग की भावना रखें। इसके अलावा योजनाओं का लाभ लेने हेतु जिले पर जाकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने जोर दिया और जानकारी देते हुए बताया कि आज सरकार एवं विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु दिव्यांग पेंशन योजना, कृत्रिम अंग /सहायक उपकरण योजना, सुगम यात्रा हेतु आरक्षित सीट / ट्रेनों में रिजर्व विशेष कोच, शादी प्रोत्साहन योजना, अनुदान एवं कौशल विकास योजना एवं शिक्षा हेतु विशेष विद्यालयों का संचालन कर उनको लाभान्वित कर रही है।
पहले रुड़ीवादी सोच के लोग दिव्यांगजनों को समाज पर बोझ मानते थे लेकिन आज दिव्यांजन राज्य, देश एवं विश्व स्तर खेल, संगीत, गायन, दौड़भाग एवं अन्य प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर अपने परिवार, देश, समाज का नाम रोशन कर रहें है। आगे जोड़ते हुए फार्मासिस्ट सुधाकर प्रजापति ने लोगों से बच्चों का समय पर सम्पूर्ण टीकाकरण एवं आवश्यक जाँच आदि कराने हेतु प्रेरित किया तथा शिशु में दिव्यांगता सम्बंधित कोई भी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में सम्बंधित चिकित्सक से परामर्श एवं इलाज करवाना चाहिए।
परियोजना अधिकारी सुन्दर सिंह ने जोड़ते हुए कहा कि प्रयत्न संस्था नगवा ब्लॉक के 20 चयनित गाँवो में SBI संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स परियोजना के तहत स्वास्थ्य सेवा के साथ साथ विभिन्न गंभीर बीमारियों के प्रति आमजन को बचाव हेतु ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, आशओं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं अन्य हितधारकों के साथ मिलकर जागरूक करने का कार्य कर रही है।
ग्राम प्रधान श्री राम इक़बाल यादव ने एसबीआई फाउंडेशन और प्रयत्न संस्था का आभार व्यक्त करते हुए इस कार्य में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी सुन्दर सिंह, मेडिकल ऑफिसर डॉ यश शर्मा,फार्मासिस्ट सुधाकर प्रजापति, लैब टेक्निशियन आशीष कुमार विश्वकर्मा, स्टॉफ नर्स श्रीमती सुनैना, MMU पायलट धर्मेन्द्र कुमार एवं आशा वर्कर रोहिणी देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



