google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के पालीगंज में धान खरीद में धांधली पर गरमाया मामला, SDM ने की जनसुनवाई

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दहिया पंचायत में धान खरीद के दौरान किसानों के शोषण का मामला सामने आया है। पैक्स अध्यक्ष नारायण शर्मा पर मनमानी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) से शिकायत की है। किसानों का आरोप है कि पैक्स द्वारा धान तौलने में वजन अधिक लिया जा रहा है, जबकि भुगतान तय दर से काफी कम किया जा रहा है। दहिया पंचायत के दर्जनों किसानों ने SDM चंदन कुमार को लिखित शिकायत दी थी।

आरोप है कि पैक्स अध्यक्ष नारायण शर्मा ने खरीद प्रक्रिया के दौरान नियमों को ताक पर रख दिया। किसानों ने बताया कि उनसे जबरन अधिक वजन लिया गया और जब भुगतान की बारी आई, तो उनके खाते में पूरी राशि नहीं भेजी गई। इस धांधली से नाराज किसानों ने एकजुट होकर स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए SDM चंदन कुमार ने पहले एक जांच टीम गठित की थी, जिसने मामले की छानबीन कर अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।

इसी कड़ी में, हाल ही में SDM ने अपने कार्यालय के सभा कक्ष में एक जनसुनवाई आयोजित की। इसमें पूर्व मुखिया रविंद्र शर्मा, संजय शर्मा, दिलीप कुमार वर्मा, कृष्ण कुमार, संतोष वर्जा, सतीश शर्मा, शिव किशोर चौधरी, भोला चौधरी, मुन्ना शर्मा समेत कई अन्य किसान उपस्थित हुए। सभी ने एक स्वर में पैक्स अध्यक्ष पर मिलीभगत और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।सुनवाई के दौरान किसानों ने अपनी आपबीती सुनाई और पैक्स अध्यक्ष की मनमानी के प्रमाण भी पेश किए।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद SDM चंदन कुमार ने किसानों को भरोसा दिलाया कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में सख्त और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से क्षेत्र के किसानों में प्रशासन की कार्रवाई को लेकर उम्मीद जगी है। फिलहाल, इस मामले पर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)