google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

झारखंड सशस्त्र पुलिस-7 का 30वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया*

पंकज कुमार पाठक,दैनिक समाज जागरण

पदमा (हजारीबाग)-पदमा स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस-7 (जैप-7) का 30वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस. कार्तिक के आगमन के साथ हुई। जैप-7 के मुख्य द्वार पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने बैंड-बाजे के साथ उनका स्वागत किया।


इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और सलामी मंच पर पहुंचकर परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में जैप-7 के समादेष्टा अविनाश कुमार ने स्वागत भाषण देते जैप 7 की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संस्थान में डीप बोरिंग एवं जिम की आवश्यकता पर जोर देते हुए उग्रवाद एवं अपराध नियंत्रण में जैप-7 की भूमिका को सराहनीय बताया। साथ ही 31 मार्च 2008 को शहीद हुए जवानों की शहादत को याद करते हुए उस घटना में भारी मात्रा में असलहे की बरामदगी का उल्लेख किया।


मुख्य अतिथि डीआईजी एस. कार्तिक ने जैप-7 की स्थापना से वर्तमान तक की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने स्वयं को जैप-7 बटालियन मुख्यालय के स्थानांतरण का साक्षी बताते हुए कहा कि विधि-व्यवस्था के संधारण के साथ मुख्यालय का संचालन चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उनका अनुभव सकारात्मक रहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, योग, ध्यान एवं फिटनेस को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही नवपदस्थापित समादेष्टा अविनाश कुमार को ऊर्जावान अधिकारी बताया।
समारोह के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बैंड डिस्प्ले की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा।
इसके बाद समादेष्टा अविनाश कुमार ने मुख्य अतिथि एस. कार्तिक को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि डीआईजी अंजनी झा, विशेष अतिथि सेवानिवृत्त आईजी दीपक वर्मा, एसपी हजारीबाग अंजनी अंजन, सीआईडी एसपी रौशन गुड़िया, जेएपीटीसी के अपर पुलिस अधीक्षक हीरा लाल रवि सहित अन्य अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा शहीद जवानों के परिजनों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के अंत में पुलिस उपाधीक्षक जैप-7 राजेंद्र दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए समारोह के समापन की घोषणा की।


मौके पर जैप-7 के डीएसपी मनीष चंद्र लाल, पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह, प्रदेश महामंत्री रमेश उरांव, सहायक महामंत्री निर्भय राज, जैप-7 पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष शमीम अख्तर, क्षेत्रीय मंत्री मो. एजाज, बलवंत सिंह, स्टेट बैंक नावाडीह की प्रबंधक मालविका सिन्हा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन मेनका मेहता, चंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं आमंत्रित अतिथि उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)