उमरिया/पाली। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के शहडोल संभागीय दौरे के दौरान उमरिया जिले के पाली में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे और पुष्पमालाओं से उनका अभिनंदन किया गया।

मीडिया से बातचीत में पटवारी ने भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछले 25 वर्षों में प्रदेशवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में विफल रही है। साथ ही आरोप लगाया कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस कार्रवाई का भय दिखाया जाता है।
पटवारी ने कहा कि भाजपा शासन में हालात ऐसे हो गए हैं कि जिलों के कलेक्टर भी “डंडा भांज” रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार नाम की कोई व्यवस्था है भी या नहीं।
मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार
हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शहडोल संभाग के धनपुरी में एक सभा के दौरान कहा था कि “मैं अगर भगवान का नाम लेता हूं तो कांग्रेसियों की छाती पर सांप लोट जाता है।”
इस पर पलटवार करते हुए पटवारी ने कहा, “मोहन यादव जी माला लेकर दिन-रात भगवान का नाम जपें, हम उनका स्वागत करते हैं। लेकिन सरकार तो चलानी है, तो सरकार के अनुरूप चलाना पड़ेगा।”
विधायक संजय पाठक पर भी आरोप
प्रदेश अध्यक्ष ने विजय राघवगढ़ विधायक संजय पाठक पर आदिवासियों की जमीन हड़पने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी समुदाय के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी, जबकि भाजपा शासन में उन पर अत्याचार हो रहा है।
पटवारी के दौरे से जिले की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।
हालांकि, यूजीसी कानून को लेकर पत्रकारों के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए।



