google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

कालांवाली यूथ मैराथन में उमड़ेगा युवाओं का हुजूम, सुबह 6 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिखाएंगे हरी झंडी

1 लाख 40 हजार 716 युवाओं ने कराया पंजीकरण, पद्मश्री सरदार सिंह रहेंगे मौजूद; 5, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ के लिए तैयारियां पूरी

सिरसा/कालांवाली, 21 नवंबर। समाज जागरण संवाददाता। हरियाणा में नशे के खिलाफ जनजागरण और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार, 22 नवंबर को कालांवाली यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। आयोजन के लिए अब तक 1 लाख 40 हजार 716 पंजीकरण हो चुके हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 6 बजे मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

मैराथन में पद्मश्री सम्मानित एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। उन्हें इस आयोजन का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। कार्यक्रम में हरियाणवी गायक रॉकस्टार एमडी और एमपी अटवाल की टीम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएगी। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।

तीन श्रेणियों में होगी दौड़, निर्धारित किए गए अलग-अलग मार्ग

प्रशासन ने 5, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं। पांच किलोमीटर की दौड़ को रन फॉर फन के रूप में आयोजित किया जाएगा।

पांच किलोमीटर के प्रतिभागी परशुराम चौक से बाईपास रोड होते हुए नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्य मार्ग और ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे फाटक की ओर जाने वाले रास्ते से होते हुए वापस अनाज मंडी पहुंचेंगे।

दस किलोमीटर की दौड़ के प्रतिभागी मुख्य आयोजन स्थल से परशुराम चौक, बाईपास रोड, नायरा पेट्रोल पंप और थाना रोड होते हुए ओवरब्रिज के ऊपर से गुजरेंगे। इसके बाद तारुआना गांव से लगभग 200 मीटर आगे यू-टर्न लेकर वापस आएंगे। इस दौड़ का समापन कालांवाली में ओवरब्रिज से पहले निर्धारित किया गया है।

वहीं, 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन के धावक परशुराम चौक, बाईपास रोड, नायरा पेट्रोल पंप, थाना रोड और मुख्य मार्ग से होते हुए ओवरब्रिज पार करेंगे। इसके बाद कुरंगावाली गांव के पास वृक्ष संख्या 142 से यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। दस और 21 किलोमीटर की दौड़ का अंतिम पड़ाव ओवरब्रिज से पहले बनाया गया है।

पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

जिला प्रशासन ने प्रतिभागियों और आमजन की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों का निर्धारण किया है। महादेव नंदीशाला के नजदीक ओवरब्रिज के पास, पंजाब बस अड्डे के पास तथा थाना रोड के नजदीक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

दौड़ के मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर दिशा-सूचक पट्ट लगाए जा रहे हैं, ताकि प्रतिभागियों को अपने निर्धारित मार्ग की जानकारी मिल सके। पूरे रास्ते पेयजल, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने प्रतिभागियों से निर्धारित मार्ग और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

21 किलोमीटर के विजेता को मिलेंगे 50 हजार रुपये

मैराथन में प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। 21 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को 50 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाले को 37,500 रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

इसी प्रकार 10 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम विजेता को 25 हजार रुपये, द्वितीय को 15 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

अलग-अलग आयु वर्गों के लिए भी पुरस्कार

प्रतियोगिता में अंडर-18, 18 से 45 वर्ष, 45 से 60 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए भी अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

21 किलोमीटर की दौड़ में इन आयु वर्गों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 10 हजार, 7,500 और 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं 10 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम स्थान पर 7,500 रुपये, द्वितीय स्थान पर 5 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 3 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।

कालांवाली यूथ मैराथन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। एक लाख से अधिक पंजीकरण के साथ यह आयोजन हरियाणा में खेलों के प्रति युवाओं के बढ़ते आकर्षण और नशामुक्त समाज के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)