google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नॉर्थ जोन अंतरविश्वविद्यालय महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन, एलपीयू फगवाड़ा बनी विजेता

सीबीएलयू भिवानी को दूसरा और सीआरएसयू जींद को मिला तीसरा स्थान, चारों शीर्ष टीमों ने अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

बहल, 21 नवंबर। समाज जागरण संवाददाता। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी एवं भारतीय विश्वविद्यालय संघ के संयुक्त तत्वावधान में बीआरसीएम कॉलेज, बहल में आयोजित चार दिवसीय नॉर्थ जोन अंतरविश्वविद्यालय महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का शनिवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। मेजबान चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि सीआरएसयू जींद ने तीसरा और पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला ने चौथा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली सभी टीमों ने अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अब ये टीमें अखिल भारतीय स्तर पर नॉर्थ जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कुलगुरु ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

समापन समारोह में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। आज बेटियां खेल के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रही हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जाएं।

उन्होंने प्रतियोगिता में जीत हासिल करने वाली टीमों को बधाई दी तथा अन्य टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर आगे और मेहनत करनी चाहिए।

महिला सशक्तीकरण में खेलों की अहम भूमिका

बीआरसीएम कॉलेज के निदेशक प्रो. एसके सिन्हा ने अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करना संस्थान के लिए गर्व की बात है। खेलों का महिला सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण योगदान है और ऐसे आयोजन बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

भारतीय विश्वविद्यालय संघ के पर्यवेक्षक डॉ. हरीश कुमार ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए सभी सुविधाएं बेहतर थीं। इसके लिए विश्वविद्यालय और मेजबान महाविद्यालय बधाई के पात्र हैं।

डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी परमिंदर सिंह ने भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए खेल भावना और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।

निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई प्रतियोगिता

आयोजन सचिव डॉ. सुरेश कुमार मलिक ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, निर्णायकों, टीम प्रबंधकों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में बीआरसीएम निदेशक प्रो. डॉ. एसके सिन्हा, एआईयू पर्यवेक्षक डॉ. हरीश कुमार, प्रो. सुनीता भरतवाल, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी परमिंदर सिंह, वजीर मान, प्राचार्य डॉ. अनुज शर्मा, डॉ. सुनील शुक्ला, खेल परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. वजीर सिंह, रजिस्ट्रार पवन पंघाल, डॉ. लखा सिंह, सन्नी बुद्धि राजा, कोच मंजीत ढांडा, सन्नी बुधवार, ऋषि शर्मा, राकेश यादव, अंजू, रजत, संजू, मनीष और अमित सहित अनेक कर्मचारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

चार दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने महिला खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया। अब चयनित चारों टीमें अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन की ओर से चुनौती पेश करेंगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)