

नोएडा सेक्टर-33 के ए ब्लॉक में ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र और सेक्टर-33 की RWA द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में “कल्पतरु” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस पौधारोपण के दौरान पूर्व राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार और बीजेपी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर भी मौजूद रहे।
पौधारोपण के दौरान ब्रह्माकुमारीज केंद्र की प्रमुख प्रभारी मंजू दीदी ने कहा कि, पर्यावरण संरक्षण के लिए हम सबको पौधा लगाना अति आवश्यक है, क्योंकि बिना वृक्षों के मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए हमें पौधे लगाने के साथ उनका पालन-पोषण अपने बच्चों के जैसे करना चाहिए।
वहीं पूर्व राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार व उत्तर प्रदेश बीजेपी उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि, आज के समय में पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता ही जा रहा है, ऐसे में समय की मांग है कि, हम सब अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाएं। जिससे आने वाली पीढ़ियां स्वच्छ हवा में सांस ले सकें। इस पौधारोपण के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नोएडा महानगर पर्यावरण गतिविधि के सह संयोजक राजीव गोयल ने कहा कि, आज के समय में ग्लोबल वॉर्मिंग का सबसे बड़ा कारण पर्यावरण और पेड़-पौधों का नष्ट होना है। यदि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हम सबने ध्यान नहीं दिया तो आने वाले वक्त में पूरी मानव जाति को ग्लोबल वॉर्मिंग और इससे जुड़ी ना जाने कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए अब जरूरत है कि, हम सब जागरूक बने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना दायित्व निभाएं।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज नोएडा सेक्टर-33 सेवा केन्द्र की ममता दीदी, ब्रह्माकुमार निपुण, सेक्टर-33 RWA के अध्यक्ष आर.के.घई, जे.पी.रावत, महेंद्र सिंह व अन्य भाई-बहनें उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



