google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

उमरिया के करन गौतम का भारतीय जूनियर हॉकी टीम में चयन, जूनियर विश्व कप में देश का करेंगे प्रतिनिधित्व

18 वर्षीय खिलाड़ी नवंबर में मिस्र में दिखाएंगे दमखम, तीन स्वर्ण पदक जीतकर मजबूत की थी राष्ट्रीय टीम में चयन की दावेदारी

विजय तिवारी | समाज जागरण

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के लिए गौरव और खुशी का क्षण है। जिले के होनहार 18 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी करन गौतम का चयन भारतीय जूनियर हॉकी टीम में हुआ है। करन आगामी नवंबर माह में मिस्र (ईजीप्ट) में आयोजित होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है। खेलप्रेमियों, नगरवासियों और खेल संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

मेहनत और लगन से हासिल किया मुकाम

ज्वालामुखी कॉलोनी, उमरिया निवासी करन गौतम शिक्षक अजय गौतम के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और लगातार अभ्यास के दम पर हॉकी के क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। लगभग तीन वर्ष पहले उनका चयन मध्य प्रदेश हॉकी टीम में हुआ था। इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

तीन स्वर्ण पदकों ने मजबूत की दावेदारी

करन गौतम के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। चंडीगढ़ में आयोजित सब-जूनियर इंडिया कैंप के दौरान अभ्यास और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनकी निरंतर मेहनत और शानदार प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय जूनियर हॉकी टीम में उनका चयन हुआ।

विश्व कप में भारतीय जर्सी पहनकर उतरेंगे करन

भारतीय जूनियर हॉकी टीम में चयन के बाद अब करन गौतम के सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर है। नवंबर में मिस्र में होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में वह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

करन की इस सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे उमरिया जिले का गौरव बढ़ा है। जिलेवासियों को उम्मीद है कि वह विश्व कप में भी अपने शानदार खेल से भारतीय टीम को सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और देश के साथ अपने गृह जिले का नाम रोशन करेंगे।

विजय तिवारी की रिपोर्ट।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)