
समाज जागरण
बहजोई ।सम्भल में साइबर ठगों का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। ताजा मामला बहजोई थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक फर्नीचर व्यापारी को ठगों ने शातिर तरीके से चूना लगा दिया।
बर्तन बाजार बहजोई निवासी फर्नीचर व्यापारी मुकुल कुमार पुत्र अगस्त कुमार (42) ने साइबर सेल को दी गई शिकायत में बताया कि 27 जून की रात करीब 7:45 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को थाना बहजोई का सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार बताते हुए कहा कि ऑफिस के लिए एक लोहे की अलमारी चाहिए और थाने से गाड़ी भेजी जा रही है।
व्यापारी मुकुल कुमार ने 11,300 रुपये की अलमारी की कीमत बताई। ठग ने पहले 6,000 रुपये का नकली पेमेंट मैसेज भेजा और फिर दोबारा 53,000 रुपये का एक और फर्जी मैसेज भेजते हुए कहा कि गलती से अधिक पैसे ट्रांसफर हो गए हैं, कृपया 47,700 रुपये वापस कर दें। ठग की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर व्यापारी ने यह रकम वापस कर दी।
बाद में जब ठग ने बार-बार फोन कर झांसे में लेने की कोशिश की तो व्यापारी को शक हुआ। मुकुल कुमार सीधे थाना बहजोई पहुंचे, जहाँ पूछताछ के बाद पता चला कि इस नाम का कोई भी सब इंस्पेक्टर वहां कार्यरत नहीं है। पुलिस ने इसे साइबर फ्रॉड का मामला बताया।
अगले दिन 28 जून को पीड़ित व्यापारी ने साइबर सेल सम्भल में जाकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



