google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गन्ने के खेत में तेंदुए के शावक मिलने से हड़कंप

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने बरतने को कहा सतर्कता

कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।

जनपद के सिंगाही कस्बा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब गन्ने के खेत में काम करने गए मजदूरों को तेंदुए के शावक दिखाई दिए। शावकों के मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

मामला सिंगाही थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिंगहा कलां का है, जहां किसान रामशंकर वर्मा पटेल के गन्ने के खेत में गन्ना छीलने गए मजदूरों ने खेत के अंदर तेंदुए के शावक देखे। शावकों को देखते ही मजदूर घबरा गए और तुरंत गांव में सूचना दी।

सूचना पाकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्याम मोहन दीक्षित ने तत्काल वन विभाग को अवगत कराया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शावकों को देखा और आशंका जताई कि माता तेंदुआ भी आसपास ही मौजूद हो सकती है। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।

वन विभाग की टीम ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे खेतों में जाते समय विशेष सावधानी बरतें। अधिकारियों ने कहा कि जब तक माता तेंदुआ को सुरक्षित पकड़कर किसी सुरक्षित स्थान पर नहीं छोड़ा जाता, तब तक अनावश्यक रूप से खेतों की ओर न जाएं, और यदि जाना जरूरी हो तो अकेले के बजाय समूह में जाएं

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से दुधवा नेशनल पार्क से निकलकर आए तेंदुओं की क्षेत्र के कई गांवों में लगातार आवाजाही देखी जा रही है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग भी स्थिति को लेकर चिंतित है और तेंदुओं को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न दें और तेंदुआ दिखने की सूचना तुरंत विभाग को दें।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)