चोपन थाना क्षेत्र के करगरा गांव की घटना, जिला अस्पताल रेफर
समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत करगरा में शनिवार सुबह करीब 6 बजे मछली पकड़ने गए एक अधेड़ पर विशाल मगरमच्छ ने हमला कर दिया।घटना में अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की बहादुरी से उसकी जान बच सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करगरा निवासी लल्लू केवट (60 वर्ष), पुत्र राम प्यारे शनिवार सुबह में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान लगभग आठ फीट लंबे मगरमच्छ ने उन पर हमला कर अपने जबड़ों में जकड़ लिया।
मगरमच्छ के चंगुल में फंसे लल्लू केवट ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण अरविंद्र, जितन और लालू मौके पर पहुंचे।ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से मगरमच्छ पर प्रहार किया, जिसके बाद मगरमच्छ घायल लल्लू केवट को छोड़कर पानी में चला गया। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल लल्लू केवट को बाहर निकाला और घटना की सूचना ग्राम प्रधान फूल कुमार को दी।

सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अर्जुन कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि मगरमच्छ के हमले में लल्लू केवट के शरीर पर कई गंभीर घाव हैं, जिन पर टांके लगाए गए हैं। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायल के परिजनों ने वन विभाग से घटना का संज्ञान लेकर उचित मुआवजा और पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान करने की मांग की है।
वहीं घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने नदी किनारे मगरमच्छों की बढ़ती मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग भी की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



