जैतहरी (अनूपपुर)।
नगर परिषद जैतहरी द्वारा वार्ड क्रमांक–05 में निर्मित महर्षि कश्यप व्यापार केंद्र का लोकार्पण नगर के इतिहास में विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में दर्ज हो गया है। आधुनिक डिजाइन, सुव्यवस्थित दुकानों एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं से युक्त इस भव्य व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण नगर परिषद अध्यक्ष श्री उमंग अनिल गुप्ता के कर-कमलों से संपन्न हुआ। लोकार्पण के साथ ही यह व्यापार केंद्र नगर में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है और इसे जैतहरी के आर्थिक भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष श्री उमंग अनिल गुप्ता ने कहा कि महर्षि कश्यप व्यापार केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि जैतहरी को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम है। इस परिसर से छोटे व्यापारियों, युवाओं एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को अपने नगर में ही बेहतर अवसर मिलेंगे। नगर परिषद का प्रयास है कि विकास के लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जल आपूर्ति, स्वच्छता एवं व्यापारिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
अतिथियों ने बताया दूरगामी सोच का परिणाम
लोकार्पण समारोह में उपस्थित मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि कश्यप व्यापार केंद्र नगर परिषद जैतहरी की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।
अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के व्यावसायिक परिसरों के निर्माण से नगरों की पहचान सुदृढ़ होती है, स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है तथा युवाओं को पलायन के बजाय स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं।
नगर को होंगे बहुआयामी और दीर्घकालिक लाभ
महर्षि कश्यप व्यापार केंद्र के निर्माण से जैतहरी नगर को कई स्तरों पर लाभ मिलने की संभावना है। इस परिसर से स्थानीय व्यापार को संगठित स्वरूप मिलेगा, जिससे छोटे दुकानदारों को स्थायी एवं सुरक्षित व्यापारिक स्थान उपलब्ध होगा।
इसके साथ ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। व्यावसायिक गतिविधियों के बढ़ने से नगर परिषद के राजस्व में इजाफा होगा, जिसका प्रत्यक्ष लाभ भविष्य के विकास कार्यों में निवेश के रूप में मिलेगा।
साथ ही सड़क किनारे अव्यवस्थित दुकानों एवं अतिक्रमण में कमी आएगी, जिससे यातायात, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी बेहतर खरीदारी एवं सेवाओं की सुविधा मिलेगी।
गरिमामयी उपस्थिति से बढ़ी कार्यक्रम की भव्यता
लोकार्पण समारोह में विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम, नगर परिषद अध्यक्ष श्री उमंग अनिल गुप्ता, पूर्व उपाध्यक्ष विन्ध्य विकास प्राधिकरण श्री अनिल कुमार गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री बृजेश गौतम, श्री रामदास पुरी एवं श्री आद्याराम वैश्य, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाल्मीक राठौर, पूर्व सैनिक संघ शहडोल के जिलाध्यक्ष श्री जे.पी. गुप्ता, नगर पालिका परिषद पसान अध्यक्ष श्री रामअवध सिंह, नगर परिषद डूमारकछार अध्यक्ष श्री सुनील चौरासिया, भाजपा जिला महामंत्री श्री सिद्धार्थ शिव सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री मनोज गुप्ता, प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी श्री बृजेंद्र गुप्ता एवं श्री बृजेंद्र गुप्ता (लल्लू भैया), जिला पंचायत सदस्य श्री रंजीत सर्राटी, मंडल अध्यक्ष श्री दिनेश सिंह राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त नगर परिषद के सभापति श्रीमती सुनीता जैन, श्री कैलाश मरावी, श्रीमती बिट्टी दिनेश कोल, श्रीमती सविता राठौर एवं श्री ऋषभ लंहगीर, पार्षदगण श्रीमती कविता राठौर, श्रीमती शकीला अब्दूल जलील, श्रीमती हेमलता मोटवानी, श्रीमती जानकी रजक, तथा पूर्व पार्षद श्री सिद्धार्थ सिंह (राजा भैया), श्री नरेश नापित एवं श्री आनंद अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई।
नागरिकों और व्यापारियों में उत्साह
लोकार्पण उपरांत नगरवासियों एवं व्यापारियों ने नगर परिषद की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि महर्षि कश्यप व्यापार केंद्र जैतहरी को एक सुव्यवस्थित, विकसित और आर्थिक रूप से सशक्त नगर के रूप में स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



