मुठभेड़ में दो शार्प शूटरों को लगी गोली, तीन गिरफ्तार
मौके पर पहुँचे एसएसपी कार्तिकेय शर्मा
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में बुधवार की तड़के एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। आनंदपुर गुलामअलीचक बांध के पास हुई भीषण मुठभेड़ में दो कुख्यात शार्प शूटर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में होने वाली एक बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश विफल हो गई है। जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से बिहटा के आनंदपुर इलाके में जुटे हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ और बिहटा पुलिस ने तड़के करीब 2:30 बजे इलाके की घेराबंदी शुरू की।
खुद को घिरा देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े।मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान विदेशी राय और पप्पू राय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन दोनों पर पटना सहित राज्य के कई जिलों में हत्या, लूट, रंगदारी और जानलेवा हमले के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पहले बिहटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल शूटरों को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा अहले सुबह ही बिहटा पहुँचे।
उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल (FSL) टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया की पुलिस को अपराधियों की सक्रियता की सटीक जानकारी मिली थी। आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर अपराधियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस को गोली चलानी पड़ी। मौके से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बिहार में पिछले छह महीनों के दौरान अपराधियों के खिलाफ पुलिस का आक्रामक रुख देखने को मिला है। आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में अब तक करीब 19 पुलिस मुठभेड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। फिलहाल, गिरफ्तार अपराधियों के नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



