वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग, जमाखोरी और बिना अनुज्ञप्ति भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को जियापोखर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मालिनगांव पंचायत के गिल्हाबाड़ी गांव स्थित निहार ईंट भट्ठा में छापेमारी कर 62 गैस सिलेंडर जब्त किए।
प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि ईंट भट्ठा परिसर में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से भंडारण और व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। सूचना के बाद एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ, अंचल अधिकारी, जियापोखर थाना अध्यक्ष, पौआखाली थाना अध्यक्ष, श्रम अधीक्षक एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी की मौजूदगी में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान ईंट भट्ठा संचालक एकरामुल हक मौके पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद परिसर में मौजूद मुंशी अमित कुमार की उपस्थिति में तलाशी ली गई। जांच में इंडेन कंपनी के 54 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 49 खाली और 5 भरे हुए थे। इसके अलावा 4 भरे हुए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए।
मौके पर मौजूद कर्मियों से गैस सिलेंडरों के उपयोग और भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी सिलेंडरों को विधिवत जब्त कर सुरक्षा मानकों के तहत पौआखाली स्थित आयशा रहमान एचपी गैस एजेंसी के गोदाम में सुरक्षित जमा कराया गया।
प्राथमिक जांच में बिना विस्फोटक अनुज्ञप्ति के बड़ी मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडरों के भंडारण की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने इसे जन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि इस प्रकार का अवैध भंडारण कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
इस मामले में ईंट भट्ठा संचालक एकरामुल हक के खिलाफ जियापोखर थाना कांड संख्या 32/26, दिनांक 12 मई 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, विस्फोटक अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



