दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़ : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह क्षेत्र में खनन विभाग ने अवैध बालू उत्खनन और भंडारण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक जांच अभियान चलाया। स्वर्णरेखा घाट सहित आसपास के इलाकों में की गई इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक समीर ओझा के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने तिरुलडीह थाना पुलिस के सहयोग से विभिन्न स्थलों पर छापेमारी की। जांच के दौरान स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर अवैध रूप से जमा बालू और उत्खनन के संकेत मिले। अधिकारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से अस्थायी रास्तों को काटकर और अवैध पहुंच मार्गों को अवरुद्ध कर उत्खनन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगा दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिन स्थानों पर बिना अनुमति बालू का भंडारण पाया गया है, वहां संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या भंडारण की गतिविधि नजर आए तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या स्थानीय थाना को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



