समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में जाली सोने की बिस्किट के जरिए ठगी कर जेवरात चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मो. नौशाद के रूप में हुई है, जो फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के नया टोला, मदीना गली का रहने वाला है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जनवरी 2026 को करीब 4:15 बजे मिठाई महल के पास एक महिला से आरोपी ने जाली सोने की बिस्किट दिखाकर उसे असली बताने का झांसा दिया और सोने जैसे जेवरात लेकर फरार होने की कोशिश की।
इसी दौरान महिला को शक हुआ और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला के हल्ला-गुल्ला करते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी मो. नौशाद को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सोने जैसा एक बिस्किट, एक जोड़ा सोने जैसा कान का बाली, एक सोने जैसा नाक का नथ, मोती की माला में कान का टोप और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। एसडीपी ओ सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में फुलवारी शरीफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। इस कार्रवाई में पु.नि. सह थानाध्यक्ष मो. गुलाम शहबाज आलम, परि.पु.अ.नि. विजय प्रताप, स.अ.नि. श्रवण कुमार तथा फुलवारी शरीफ थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जाली सोने और ठगी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



