समाज जागरण/ सन्तोष कुमार
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म और उसके पति-बच्चे को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बैना निवासी मुकेश कुमार (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बृहस्पतिवार सुबह सडकटोला मोड़ बभनी से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पीड़ित महिला ने मंगलवार को बभनी थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की थी। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति मोहनलाल और बच्चे के साथ रहती है।
महिला का आरोप है कि उसके घर के पास रहने वाला मुकेश कुमार उसे आए दिन परेशान करता था। वह उसके पति व बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। महिला ने बताया कि 24 अगस्त सोमवार की रात जब उसका पति और अन्य परिजन घर पर नहीं थे, तभी आरोपी उसके घर में घुस आया और धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और डायल-112 पुलिस को सूचना दी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी द्वारा उसे लगातार धमकाया जा रहा है, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत हैं। पीड़िता ने बभनी पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई थी। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल पंकज कुमार दुबे और कांस्टेबल सुनील कुमार भी शामिल रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



