गुरमा मोड़ से औद्योगिक क्षेत्र तक 15.99 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क, प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर विकसित होगी परियोजना
सोनभद्र | समाज जागरण | अवधेश कुमार गुप्ता
प्रदेश सरकार की औद्योगिक विकास नीति के तहत सोनभद्र जिले को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिले के मारकुंडी क्षेत्र में 50 एकड़ भूमि पर सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को विश्वस्तरीय कौशल विकास प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिला प्रशासन ने भूमि का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि शासन की मंजूरी मिलते ही परियोजना पर युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया जाएगा। यह अत्याधुनिक औद्योगिक क्षेत्र न केवल जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देगा, बल्कि रोजगार की तलाश में होने वाले युवाओं के पलायन को भी रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एक ही परिसर में मिलेगा प्रशिक्षण और रोजगार
जिलाधिकारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में आधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर, औद्योगिक इकाइयां तथा उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए आउटलेट विकसित किए जाएंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए व्यापक हरित क्षेत्र भी तैयार किया जाएगा।
यहां युवाओं को आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें औद्योगिक क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
एमएसएमई और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना से जिले में एमएसएमई, स्टार्टअप और नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय निवेश में वृद्धि होगी, नए उद्योग स्थापित होंगे और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना सोनभद्र को पूर्वांचल और विंध्य क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक एवं कौशल विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगी।
प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर होगा विकास
औद्योगिक क्षेत्र को प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार पर विकसित किया जाएगा। यहां बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज, इंटरनेट सहित सभी मूलभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा तैयार फैक्ट्री शेड भी बनाए जाएंगे, ताकि उद्यमी मशीनें स्थापित करते ही उत्पादन शुरू कर सकें। इससे उद्योगों की स्थापना में समय और लागत दोनों की बचत होगी।
15.99 करोड़ रुपये से बनेगी संपर्क सड़क
औद्योगिक क्षेत्र तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए गुरमा मोड़ से मारकुंडी औद्योगिक क्षेत्र तक 15.99 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस सड़क के बनने से कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन में सुविधा होगी, ट्रांसपोर्ट लागत कम होगी और उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी।
जिले को मिलेगी नई औद्योगिक पहचान
मारकुंडी में प्रस्तावित सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से सोनभद्र को नई औद्योगिक पहचान मिलेगी। यह परियोजना स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खोलने के साथ-साथ जिले में निवेश और औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं भी तैयार करेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



