google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत

परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता,:- वेद प्रकाश

पटना/ शहर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत ने न सिर्फ उसके परिवार को बल्कि पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यह मामला पटना सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र से सामने आया है। मृतका की पहचान खुशी राज के रूप में हुई है, जिसकी लाश उसके घर से बरामद की गई है। मृतका खुशी राज की शादी फरवरी 2023 में विधानसभा कार्यालय में कार्यरत परिचालक हर्ष कुमार यादव से हुई थी। शादी के बाद इस दंपति के जीवन में एक बेटा भी आया, जो अभी महज डेढ़ साल का है। परिवार और समाज के नजरों में यह एक सामान्य विवाह था, लेकिन भीतर ही भीतर तनाव और प्रताड़ना का सिलसिला चल रहा था, जिसका अंत इस दुखद घटना के रूप में सामने आया। खुशी राज के पिता महेश कुमार ने अपनी बेटी की मौत के पीछे दहेज प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही हर्ष कुमार यादव लगातार पैसों की मांग कर रहा था। पहले कुछ छोटी-मोटी रकम मांगी गई, जिसे परिवार ने किसी तरह पूरा किया, लेकिन हाल ही में आरोपी पति ने 5 लाख रुपये की मांग की थी। महेश कुमार का दावा है कि पैसे देने में असमर्थ रहने पर हर्ष कुमार ने उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि खुशी पिछले कुछ महीनों से तनाव में थी और अक्सर फोन पर परेशानियों की बात करती थी।खाजेकला थाना क्षेत्र स्थित गुड़हट्टा इलाके में खुशी का शव उसके घर से बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके की जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रभात रंजन सक्सेना ने बताया कि एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाया गया है ताकि साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें और मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि खुशी की मौत वास्तव में गला दबाकर की गई या फिर इसके पीछे कोई और कारण है। घटना के बाद से खुशी के मायके पक्ष का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजन बेटी के साथ हुई इस क्रूरता को समझ नहीं पा रहे हैं। पिता महेश कुमार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि दोषी को सख्त से सख्त सजा दी जाए और उनके नाती की परवरिश की जिम्मेदारी भी तय हो।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)